कोटा – अंतरराष्ट्रीय चंबल फिल्म महोत्सव के अवसर पर श्री कल्पतरु संस्थान की ओर से संस्थान की प्रतिनिधि उमा व्यास ने प्रसिद्ध फिल्म अभिनेत्री सीमा विश्वास को पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया तथा संस्थान द्वारा संचालित पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक सेवा कार्यों की जानकारी दी।
संस्थान के कोटा प्रभारी देवेंद्र कुमार ने बताया कि अभिनेत्री सीमा विश्वास ने श्री कल्पतरु संस्थान द्वारा किए जा रहे कार्यों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि चंबल क्षेत्र के पूर्व डकैतों को पर्यावरण संरक्षण जैसे सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों से जोड़ना एक अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायी पहल है, जो समाज में सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करती है।
बातचीत के दौरान सीमा विश्वास ने अपनी चर्चित फिल्म “बैंडिट क्वीन” का उल्लेख करते हुए कहा कि फूलन देवी का किरदार निभाना उनके जीवन के सबसे महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण अनुभवों में से एक रहा। उन्होंने यह भी साझा किया कि उन्हें स्वयं फूलन देवी से मिलने का अवसर मिला था और फूलन देवी ने उनके अभिनय की सराहना की थी। इस स्मृति को साझा करते हुए अभिनेत्री सीमा विश्वास ने खुशी व्यक्त की।
