इंदौर शहर के आजाद नगर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पहली पत्नी पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
आजाद नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी राजकुमार की पहली पत्नी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, राजकुमार और पीड़िता की शादी लगभग आठ साल पहले हुई थी, लेकिन कुछ समय से दोनों अलग रह रहे हैं और न्यायालय में पारिवारिक विवाद को लेकर मामला विचाराधीन है। इस बीच राजकुमार एक अन्य महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। बताया जा रहा है कि रविवार को महाराष्ट्र से पीड़िता का रिश्तेदार, जो खुद को पीड़िता का पति भी बता रहा था, इंदौर आया और राजकुमार से मुलाकात की। बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि राजकुमार ने अपनी पहली पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद से राजकुमार फरार है और उसके घर पर ताला लगा मिला। पुलिस ने विभिन्न ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है। आजाद नगर थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई है और जल्द ही उसे हिरासत में ले लिया जाएगा। पुलिस का यह भी कहना है कि मामला आपसी पारिवारिक विवाद और दूसरी महिला के साथ रहन-सहन को लेकर उपजा, जिससे यह हिंसक वारदात हुई। फिलहाल पुलिस ने राजकुमार के खिलाफ हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।
बाइट – राजेश दंडोतिया, पुलिस प्रवक्ता एडिशनल डीसीपी
