February 5, 2026

*ओमिक्रान वैरिएंट को हल्के में ले रहा शिक्षा विभाग*

मतदाता जागरूकता रैली में उड़ती रही गाइडलाइन की धज्जियां

*कटनी।।*

स्थानीय निर्वाचन में सबकी भागीदारी हो इसको लेकर जिले में जिला निर्वाचन अधिकारी प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।जिले के हाईस्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल व कॉलेजों में रन फॉर वोट कार्यक्रम का लगातार आयोजन किया जा रहा है। जिसमें रैली, दौड़, साइकिल रैली आदि का आयोजन कर लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसी कार्यक्रम के तहत गुरूवार को सेंस प्रभारी व जिला पंचायत सीईओ जगदीश चंद्र गोमे के मार्गदर्शन में रीठी तहसील मुख्यालय में जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। जिसमें वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रीठी व शासकीय माडल हाई स्कूल रीठी के छात्र-छात्राओं द्वारा स्कूल परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई थी। रैली को कानून का पाठ पढाने वाले जिम्मेदार रीठी जनपद पंचायत सीईओ ज्ञानेन्द्र मिश्रा, थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। छात्र-छात्राओं ने रैली के रूप में नगर का भ्रमण किया और लोगों को पंचायत निर्वाचन में बढ़चढ़कर सहभागिता करते हुए मतदान अवश्य रूप से करने के लिए प्रेरित किया। लेकिन उक्त रैली में शामिल बच्चों ने देश में तेजी से बढ रहे खतरनाक ओमीक्रान वैरिएंट का जरा भी ख्याल नहीं रखा। वहीं जिम्मेदार भी हरी झंडी दिखाकर फोटो खिचाने में लगे रहे। मतदाता जागरूकता रैली के दौरान दोनों ही विद्यालयों के बच्चों ने मास्क तक लगाना उचित नहीं समझा और ओमीक्रान गाइडलाइन की जमकर धज्जियां उड़ाई।

61 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!