*अचानक बदला मौसम का मिजाज, बारिश ने बढाई ठिठुरन, घरों में दुबके रहे लोग*



*कटनी,रीठी।।*
मंगलवार को जिले सहित रीठी क्षेत्र में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। सुबह की लालिमा के साथ हुई दिन की शुरूवात के बाद अचानक से मौसम ने करवट ले ली मानो दिन में ही रात हो गई हो। देखते ही देखते आसमान में काले बादल उमड़ आये और तेज गड़गड़ाहट के साथ बारिश शुरू हो गई। बादलों के कारण अंधेरा भी इतना कि लोगों को दिन में बिजली जलानी पड़ी। सुबह करीब 11 बजे से तेज बारिश के साथ बादलों की गड़गड़ाहट शुरू हो गई, और मौसम का एकदम मिजाज बदल ही गया। रीठी में लोगों का तोइ यहां तक कहना था कि ऐसा अंधेरा तो पूर्ण सूर्य ग्रहण के समय ही दिखा था। बहरहाल बारिश के बाद समूचे क्षेत्र में अब शीत लहर के साथ ठिठुरन बढ गई है। सूरज भी बादलों के आगोश में जा छुपा है जिस कारण सुबह से सूरज के दर्शन तक नहीं हुए।
*फसलों के लिए फायदेमंद बारिश*
मंगलवार को तेज गड़गड़ाहट व शीत लहर के साथ हुई बारिश ने किसानों चेहरों पर रौनक ला दी है। बताया गया कि रीठी क्षेत्र में दशकों से पानी की भारी समस्या है। क्षेत्र में न ही कृषि के लिए पानी है और न ही पीने के पानी की व्यवस्था है। अचानक हुई बारिश से किसानों को काफी राहत मिली है। किसानों ने इस रवि के सीजन में गेंहू, चना, मसूर की फसल की बोनी की है। जिसमे पानी की बहुत जरूरत थी। लेकिन अचानक हुई बारिश किसानों के लिए अमृत का काम कर रही है।
*केन्द्रों पर खुले में रखी धान भीगी, किसानों के साथ शासन को भी नुकसान*
इन दिनों शासन द्वारा धान खरीदी की जा रही है। कई क्विंटल धान की खरीदी हो भी चुकी है तो वहीं काफी धान अभी तुलाई न होने कारण पड़ी है। मंगलवार को अचानक हुई बारिश ने रीठी क्षेत्र के धान खरीदी केन्द्रों की भी पोल खोल दी है। खुले आसमान के नीचे रखी खरीदी हुई कई क्विंटल धान बारिश में भीग गई है तो वहीं तुलाई के इंतजार में किसानों की धान भी खरीदी केन्द्रों के बाहर रखी थी। जिनका भी बारिश से नुकसान हुआ है। धान खरीदी केन्द्र प्रभारियों की मनमानी के कारण शासन को भी चूना लगता दिखाई पड़ रहा है। गौरतलव है कि रीठी ब्लाक के धान खरीदी केन्द्रों में अव्यवस्थाओं का अंबार लगा हुआ है। उठाव न होने के कारण काफी धान केन्द्रों में खुले आसमान के नीचे पड़ी हुई है। वहीं अपनी धान बेचने आये किसानों के लिए भी खरीदी केन्द्र प्रभारियों द्वारा किसी प्रकार की व्यवस्थाएं नहीं की गई हैं। जिससे अन्नदाता भी बेहद परेशान हैं।
*सरकारी दफ्तरों में भी दिखा ठंड का असर*
कड़कड़ाती ठंड का असर आम जन-जीवन के साथ-साथ सरकारी दफ्तरों में भी देखने को मिला है। मंगलवार को रीठी मुख्यालय के सरकारी दफ्तरों में भी ठंड का आगोश दिखाई दिया। अधिकारी कर्मचारी तो पहुंचे दफ्तर लेकिन हितग्राहीयों में ब्रेक लगा रहा। रीठी के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र की ओपीडी में भी मंगलवार को भीड़ भाड़ नही देखी गई वही लोक सेवा केन्द्र में भी ठंड का व्यापक असर देखने को मिला है।
*घरों में दुबके रहे लोग, सड़क पर पसरा रहा सन्नाटा*
मंगलवार को अचानक बदले मौसम ने आम जन जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश के कारण मौसम ने ठिठुरन बढा दी है। जिससे लोग दिनभर घरों में ही दुबके रहे। वहीं कुछ लोगों ने आग के बैठकर पूरा दिन बिता दिया। देखा गया कि ठंड के कारण मंगलवार को रीठी के मुख्य बाजार में भी सन्नाटा पसरा रहा। इक्का-दुक्का लोग ही सड़कों पर दिखे।
